रायपुर। राजधानी में Blinkit की डिलीवरी सेवाएं बुधवार को ठप हो गई हैं क्योंकि लगभग 700 से अधिक डिलीवरी एजेंटों ने कंपनी की नई कार्य-नीतियों के विरोध में सामूहिक रूप से काम बंद कर दिया।
कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने हाल ही में वेतन में कटौती की है और तय समय सीमा में ऑर्डर पूरा न करने पर पेनल्टी का नियम लागू किया है। साथ ही, उन्हें सिर्फ 10 मिनट के भीतर सामान डिलीवर करने का निर्देश दिया गया है, जिससे काम करना खतरनाक हो गया है। इसके चलते डिलीवर कर्मचारियों ने हड़ताल का निर्णय लिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि इस दबाव के कारण सड़क पर तेज गति में काम करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और जीवन-यापन मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि कंपनी अपनी नई नीति पर पुनर्विचार करे और सुरक्षा एवं वेतन से संबंधित समस्याओं का समाधान निकाले।
गौरतलब है कि Blinkit जैसी “क्विक-कॉमर्स” कंपनियों में डिलीवरी एजेंटों ने पहले भी विभिन्न शहरों में अपनी शिकायतें उठाई थीं। वाराणसी में अप्रैल 2025 में करीब 150 एजेंटों ने काम रोका था और कंपनी द्वारा कुछ एजेंटों के आईडी ब्लॉक करने का आरोप लगा था।


