टीआरपी डेस्क। लाल किले के निकट सोमवार को हुए विस्फोट की जांच में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल से 40 से अधिक नमूने एकत्र किए हैं। इनमें बम के अवशेष, दो कारतूस और दो अलग-अलग प्रकार के विस्फोटक शामिल हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रारंभिक विश्लेषण से पता चला है कि एक विस्फोटक नमूना अमोनियम नाइट्रेट प्रतीत होता है। दूसरा विस्फोटक इससे अधिक शक्तिशाली माना जा रहा है। इसकी सटीक संरचना की पुष्टि विस्तृत फोरेंसिक जांच के बाद होगी।
अधिकारियों के अनुसार एफएसएल ने नमूनों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम को तेजी से जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। विस्फोट के बाद से प्रयोगशाला चौबीसों घंटे कार्यरत है।
विस्फोटकों की प्रकृति और उनके उपयोग की विधि जानने के लिए जांच जारी है। घटनास्थल से कारतूस भी बरामद हुए हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को ही फरीदाबाद में छापेमारी के दौरान अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े डॉ. मुजम्मिल गनई और डॉ. शाहीन सईद को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ था।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद से संचालित आतंकी मॉड्यूल के संबंध में हरियाणा के एक धर्म प्रचारक को हिरासत में लिया है। उसे श्रीनगर लाया गया है।
सोमवार को लाल किला के पास धीमी गति से चलती एक गाड़ी में हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई थी।


