टीआरपी डेस्क। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 502.82 अंक की बढ़त के साथ 84,374.14 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 144.05 अंक बढ़कर 25,839 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इटर्नल, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी इंडिया, एशियन पेंट्स, आईटीसी, सन फार्मास्युटिकल्स और ट्रेंट लिमिटेड के शेयरों में गिरावट रही।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त में रहे, जबकि जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.01 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 803.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,188.47 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।

See also  स्वच्छता की मिसाल: तालाब की सफाई के लिए उतरा 'स्वयंसेवकों का सैलाब'