राजनांदगांव। डोंगरगांव के पास स्थित मारगांव में एक युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का आरोपी युवक अंधविश्वास में रूचि रखता था। इसका विरोध करने के कारण उसने एक ग्रामीण की हत्या कर दी। पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर आरोपी को पूछताछ के लिए पहले हिरासत में लिया था। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक 10 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मारगांव के एक कुएं में शव तैरता हुआ मिला है। जिसके सिर पर चोट लगना प्रतीत हो रहा है। सूचना पर डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा पाटले अपनी टीम के साथ उक्त स्थान में रवाना होकर मृतक अंगेश्वर साहू का मर्ग पंचनामा कार्रवाई के दौरान शव का निरीक्षण किया। जिसमें मृतक के सिर में पीछे एवं उपर चोट के निशान पाए जाने पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने से धारा 103 (1) बीएनएस कायम कर विवेचना कार्रवाई में लिया गया।

See also  PM Modi in Sydney : सिडनी में ‘हर हर मोदी’ की गूंज, थोड़ी ही देर में भारतीय समुदाय को PM करेंगे संबोधित

आरोपी ने किया सनसनीखेज खुलासा

विवेचना के दौरन आरोपी महेश सिन्हा 48 साल निवासी ग्राम मारगांव थाना डोंगरगांव को थाना लाकर पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया एवं बताया कि गांव में उसने नवरात्रि के समय लक्ष्मी माता की चरण पादुका बनाकर गांव वालों को भ्रम में डालने की कोशिश की थी। इस बात को लेकर गांव में बैठक हुई थी, जिसमें आरोपी महेश सिन्हा को आर्थिक दंड दिया गया था।

महेश का कहना है कि मृतक अंगेश्वर साहू के कारण मुझे गांव में दंड मिला है। इस बात की रंजिश महेश सिन्हा मृतक अंगेश्वर साहू से रखता था। इसी रंजिशवश 9 नवंबर को आरोपी महेश सिन्हा द्वारा धारदार हथियार से अंगेश्वर साहू की हत्या कर दी गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।