BJP organization elections

टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश में बिहार विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के ‘एक पद फॉर्मूले’ को केंद्रीय संगठन की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। निगम, मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों की सूची लगभग तैयार है, जिसमें कई पूर्व मंत्री और विधायकों के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही इस सूची पर केंद्र की अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, एमपी में राजनीतिक नियुक्तियों में सत्ता, संगठन, क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन का ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हाल ही में इस संबंध में चर्चा के लिए दिल्ली दौरे पर भी गए थे।

सूत्रों का कहना है कि पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत और इमरती देवी के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। वहीं उमाशंकर गुप्ता और अंचल सोनकर के नामों पर भी विचार चल रहा है।

See also  Delhi Blast Update : अब NIA करेगी जांच, गृह मंत्रालय ने सौंपी जिम्मेदारी

इसके अलावा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, संजय शुक्ला, अलकेश आर्य और कलसिंह भाबर सहित कई अन्य नेताओं के नाम भी सूची में शामिल हैं। संगठन स्तर से भी कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, पूर्व संभागीय प्रभारी विजय दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केशव भदौरिया, पूर्व महामंत्री विनोद गोटिया, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष संजय नगाइच, पूर्व निगम अध्यक्ष शैतान सिंह पाल और सुनील पांडे शामिल हैं।

गौरतलब है कि फरवरी 2024 में राज्य सरकार ने सभी 46 निगम-मंडलों की राजनीतिक नियुक्तियां रद्द कर दी थीं। अब छह माह बाद एक बार फिर इन पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।