भाटापारा। हटरी बाजार क्षेत्र में एक बछड़े को चाकू से घायल किए जाने की घटना के बाद कई व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही गौसेवकों और कुछ संगठनों ने भाटापारा बंद का आह्वान किया, जिसे कई व्यापारियों ने समर्थन दिया। घटना को लेकर लोग थाना पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की रात करीब 9 बजे बछड़े को घायल किए जाने की सूचना मिलने पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने कहा कि घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 325 (बीएनएस) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चाकू चलाने की बात स्वीकार की है और कहा कि यह कृत्य उसने नशे की हालत में किया था।

See also  मंत्रालय में आउटसोर्सिंग भर्ती पर बवाल: कर्मचारी संघ ने कहा - गोपनीयता को खतरा, बेरोजगारों से धोखा; मुख्य सचिव से रोक लगाने की मांग

बछड़े का जारी है इलाज

गौसेवकों की सहायता से बछड़े को प्राथमिक उपचार दिलवाकर गौशाला भेजा गया। पशु चिकित्सा विभाग के अनुसार बछड़ा उपचाराधीन है और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

मांस दुकानों को स्थानांतरित करने की मांग

घटना के बाद कुछ संगठनों ने हटरी बाजार और सब्जी मंडी क्षेत्र में संचालित मांस दुकानों को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले पर निगरानी रखी जा रही है और शहर में शांति बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।