टीआरपी डेस्क। IND-USA Trade Deal : भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर वार्ता आगे बढ़ रही है। अमेरिका के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच हालिया चर्चाएं सकारात्मक रहीं हैं और व्यापार समझौते को लेकर प्रगति हो रही है।
अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि करते हुए कहा कि वाशिंगटन, नई दिल्ली के साथ एक पारस्परिक व्यापार समझौते पर काम कर रहा है। साथ ही भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद को लेकर उठाई गई चिंताओं के समाधान पर भी चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि हाल के दौर में दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई है।
अधिकारी के अनुसार, वार्ता इस साल के अंत तक ठोस नतीजे दे सकती है। उन्होंने बताया कि अमेरिका भारत के साथ 2 मुद्दों पर समानांतर रूप से काम कर रहा है। पहला, टैरिफ और बाजार तक पहुंच से जुड़े पारस्परिक व्यापार समझौते पर और दूसरा, रूसी तेल आयात को लेकर बाजार में आ रहे सुधारों पर।
IND-USA Trade Deal : अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि स्थिति पहले की तुलना में बेहतर है लेकिन अभी भी कई पहलुओं पर काम जारी है। अमेरिका और भारत के बीच व्यापार वर्ष 2024 में लगभग 190 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय वाणिज्य को और बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है।



