टीआरपी डेस्क। बिहार नई सरकार के गठन के लिए पूरी तरह से तैयार है। मिली जानकारी के अनुसार इसबार कैबिनेट में भाजपा के चेहरे ज्यादा नजर आ सकते हैं। अगर सीएम की बात करें तो नीतिश कुमार ही मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। कल NDA की बैठक में यह फॉर्मूला तय हुआ, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की।
जानकारी के अनुसार, नई सरकार में मंत्रिमंडल का आकार लगभग तय माना जा रहा है। BJP से करीब 15 से 16 नेताओं के मंत्री बनने की संभावना है, जबकि JDU के लगभग 14 विधायकों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में दो चरणों के हालिया चुनावों में BJP ने 89 और JDU ने 85 सीटें जीती हैं।
लोजपा (आर) को 19 सीटें मिली हैं और उसके हिस्से में तीन मंत्री पद आ सकते हैं। जीतन राम मांझी की हम (सेक्युलर) ने 5 सीटें जीती हैं और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिलीं। दोनों को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि हर छह विधायकों पर एक मंत्री पद का फार्मूला लागू होगा। शपथ ग्रहण 19 या 20 नवंबर को होने की उम्मीद है। NDA कुल 202 सीटें जीतकर भारी बढ़त में है और BJP लगभग 95 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है।
महागठबंधन जिसमें RJD, कांग्रेस और वाम दल शामिल थे, 40 सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू सका। प्रशांत किशोर की जन सुराज ने 238 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन कोई जीत नहीं मिली, जबकि AIMIM ने 5 सीटें हासिल कीं।
विपक्ष ने चुनाव आयोग की मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पर सवाल उठाए हैं। NDA का कहना है कि जनता ने उनके काम पर भरोसा जताया है और यह नतीजा विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब है। BJP का मानना है कि बिहार का यह प्रदर्शन पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अगले साल होने वाले चुनावों के लिए भी माहौल बना सकता है।



