टीआरपी डेस्क। IND vs SA 2nd Test : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में जारी टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम के सामने 549 रनों का रिकॉर्ड लक्ष्य खड़ा हो गया है। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने अपनी दूसरी पारी को 5 विकेट पर 260 रन पर घोषित कर भारत को चौथी पारी में विशाल चुनौती दी।

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 201 रन पर ढेर हो गई। इस तरह मेहमान टीम को पहली पारी में 288 रनों की भारी बढ़त मिली। दूसरी पारी के 260 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका ने कुल बढ़त 548 रन तक पहुंचा दी।

दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत सधी रही। रेयान रिकेल्टन ने 35 और एडेन मार्करम ने 29 रन का योगदान दिया, दोनों को रवींद्र जडेजा ने आउट किया। कप्तान तेम्बा बावुमा सिर्फ तीन रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर लौटे। टोनी डी जॉर्जी 49 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए।

See also  सोशल मीडिया पर भिड़ने वाली दो महिला अधिकारियों को बगैर पोस्टिंग मिला तबादला

इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार धैर्य दिखाते हुए वियान मुल्डर के साथ 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। 94 रन के निजी स्कोर पर स्टब्स को जडेजा ने आउट किया, जिसके तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीका ने पारी घोषित कर दी। स्टब्स ने 180 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से यह पारी खेली।