टीआरपी डेस्क। Raipur News : रायपुर में स्काई वॉक का काम एक बार फिर से गति पकड़ने जा रहा है, और इसी वजह से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव लागू किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 27 नवंबर से शास्त्री चौक के आसपास दो महत्वपूर्ण मार्गों पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक वन-वे ट्रैफिक लागू करने का आदेश जारी किया है।

पहले चरण में 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए जयस्तंभ चौक तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। इसके बाद अगले 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक की ओर जाने वाला रास्ता वन-वे किया जाएगा। इस तरह शहरवासियों को पूरे एक महीने तक दो अलग-अलग चरणों में बदले हुए रूट का पालन करना होगा।

प्रशासन ने यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष तैयारी की है। बंद किए गए रास्तों पर प्रवेश और निकास स्थानों पर रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स लगाए जाएंगे, जिससे रात के समय भी वाहनों को मार्ग में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा ट्रैफिक को सही दिशा में ले जाने के लिए प्रशिक्षित गार्ड हर प्रमुख पॉइंट पर मौजूद रहेंगे। वन-वे लागू होने वाले हिस्सों की शुरुआत और अंत में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालक पहले से ही नए मार्गों की जानकारी समझ सकें।

See also  पुलिस बेवजह हैलीकॉप्टर का उपयोग करती हैं, लेकिन शहीद जवान के शव को हैलीकॉप्टर से नहीं भेजा जाता - पीसीसी चीफ मोहन मरकाम