रायपुर। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में आज से ठंड का असर बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में राज्य का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेतावनी दी कि अचानक तापमान में गिरावट से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, अत्यावश्यक स्थिति में ही यात्रा करने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की गई है।

तापमान में बदलाव के बीच मैदानी क्षेत्रों में मौसम का रुख बदल रहा है। दुर्ग हाल के दिनों में सबसे ठंडा रहा, लेकिन यहां न्यूनतम तापमान तीन दिनों में 10 डिग्री से बढ़कर 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रायपुर में भी न्यूनतम पारा 13 डिग्री से बढ़कर 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

See also  धान खरीदी बंद करने के विरोध में फरसगांव के पास किसानों ने हाइवे पर चक्काजाम किया

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दंतेवाड़ा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। उल्लेखनीय है कि पांच दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर माह का सबसे कम स्तर है।