रायपुर। IIM नवा रायपुर में 60वीं अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का समापन हो गया। आखिरी सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए डायल 112 की तर्ज पर देशभर में एक एकीकृत प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए, ताकि हर राज्य की पुलिस तुरंत प्रतिक्रिया दे सके और कार्रवाई तेज हो।
कॉन्फ्रेंस के बाद प्रधानमंत्री ने कॅरियर और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्कूली छात्रों से मुलाकात की। नए स्पीकर हाउस एम-1 में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और सरकारी स्कूलों के करीब 30 छात्रों के साथ उनकी बातचीत हुई।
आज सुबह उन राज्यों को प्रेजेंटेशन देने का मौका मिला जो पिछले दिन अपनी रिपोर्ट पूरी नहीं कर पाए थे। पहले सत्र में पुलिसिंग में AI के इस्तेमाल, उसकी चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। दूसरे सत्र में गाइडलाइन तैयार करने से जुड़ी प्रक्रियाओं पर फोकस रहा। राज्यों से मिले इनपुट और सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों को देखते हुए अंतिम ड्राफ्ट को रूप दिया गया। इसी दौरान एक मॉडल स्टेट भी चुना गया, जिसकी कामयाब प्रैक्टिस पूरे देश में लागू करने की योजना है।
इससे पहले शनिवार को कॉन्फ्रेंस का सबसे लंबा सत्र चला, जो करीब 13 घंटे तक चला। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेतृत्व संभाला। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विभिन्न राज्यों के DGP और देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौजूद थे।



