टीआरपी डेस्क। बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे का कार्य तेजी से जारी है। अभियान की तीव्र गति के कारण इस कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह रही कि 30 नवंबर, अवकाश के दिन भी कई BLO स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए।
इसी दौरान तारबाहर स्कूल में एक महिला सुपरवाइजर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, निर्वाचन संबंधी कार्य और विभागीय जिम्मेदारियों के बढ़ते दबाव के कारण उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी।
चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सर्वे का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस कार्य की नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है। इससे शिक्षक और अन्य विभागों के कर्मचारी मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं।
स्कूल में बेहोश हुईं सुपरवाइजर
घटना तारबाहर पानी टंकी के पास स्थित शासकीय स्कूल की है, जहां रविवार को 10 BLO तैनात थीं। इसी दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ई. गीता कृष्णन अचानक बेहोश हो गईं। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया और इसकी जानकारी अधिकारियों व परिजन को दी।
दबाव के कारण बिगड़ी तबीयत
उनके साथ काम कर रही एक महिला कर्मचारी के अनुसार, विभागीय कार्य और निर्वाचन ड्यूटी के लगातार दबाव की वजह से उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। सुपरवाइजर की बेटी ने भी बताया कि लगातार काम करने से उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



