बिलासपुर। पीएम श्री नवोदय विद्यालय मल्हार में 10वीं के छात्र हर्षित यादव की निमोनिया से मौत हो गई थी। इस मामले की जांच के बाद अब प्रबंधन की ओर से कार्रवाई की गई है।

मल्हार में छात्र और ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रबंधन ने प्राचार्य को हटाते हुए हॉस्टल की व्यवस्था सुधारने के लिए 8 लाख रुपए मंजूर किए हैं। फिलहाल प्रदीप झा को नए प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बता दें कि बेलगहना निवासी हर्षित यादव, पिता जयप्रकाश यादव, नवोदय विद्यालय मल्हार में कक्षा 10वीं में पढ़ता था। 22 नवंबर को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि हर्षित गंभीर हालत में हॉस्टल में पड़ा था। प्रबंधन ने कई बार कहने के बाद भी उसे अस्पताल ले जाने के लिए वाहन नहीं दिया तब मजबूर होकर पिता ने उसे बाइक से ही बिलासपुर लाया। अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

See also  SUSPENDED : निर्वाचन कार्य में लापरवाही : कलेक्टर ने दो कर्मचारियों को कर दिया निलंबित

मृतक छात्र के पिता ने नवोदय प्रबंधन पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हॉस्टल में खिड़की-दरवाजे तक नहीं हैं, बच्चों के रहने और सुरक्षा की व्यवस्था बेहद कमजोर है। इस मुद्दे पर ग्रामीणों और छात्रों ने मिलकर जोरदार आंदोलन किया और प्राचार्य को हटाने की मांग की थी। बहरहाल एक होनहार छात्र की मौत के बाद प्रबंधन जागा है और अब जर्जर हॉस्टल भवन के दिन बहुरने की उम्मीद है।