रायपुर। रांची में वनडे सीरीज की जीत के बाद भारतीय टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंचेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम भी चार्टर्ड विमान से रायपुर आएगी। आगामी मुकाबले से पहले दोनों टीमें 2 दिसंबर को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम दोपहर डेढ़ बजे और भारतीय टीम शाम 5.30 बजे प्रैक्टिस करेगी। वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
मैच की तैयारियों को लेकर बीसीसीआई के क्यूरेटर्स ने मैदान और पिच का जिम्मा संभाल लिया है। क्यूरेटर्स के अनुसार रायपुर स्टेडियम की आउटफील्ड रांची की तुलना में तेज रहेगी, क्योंकि यहां नियमित फर्टिलाइजर, समय पर सिंचाई और पर्याप्त धूप के कारण मैदान बेहतर स्थिति में है। पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बताई गई है, हालांकि दूसरे सत्र में ओस गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है, जिससे लक्ष्य का बचाव करने में कठिनाई हो सकती है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स हल्के रोलर से पिच की रोलिंग कर रहे हैं और रात में ओस से बचाने के लिए उसे ढंका जा रहा है।
टिकट वितरण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराने वाले दर्शकों को 2 दिसंबर की शाम तक ही फिजिकल टिकट मिल सकेगी। वहीं नवा रायपुर रेल स्टेशन के पास अस्थायी टिकट काउंटर खोलने के लिए विकास प्राधिकरण से अनुमति मांगी गई है, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिलने के कारण तीन दिसंबर को काउंटर खोलने पर असमंजस बना हुआ है।
ब्रॉडकास्टिंग व्यवस्था को लेकर स्टेडियम में पहली बार स्पाइडर कैमरा लगाया जा रहा है। इसके साथ ही मैदान के चारों ओर 4K गुणवत्ता वाले लगभग 40 अतिरिक्त कैमरों की स्थापना की जा रही है। स्टेडियम के चारों ओर विज्ञापन बोर्ड लगाने का काम भी एक दिसंबर सुबह से शुरू कर दिया गया है।


