टीआरपी। biodiversity theme park : नंदनवन को बायोडायवर्सिटी थीम पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए चरणबद्ध डीपीआर तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश वन मंत्री केदार कश्यप ने दिया है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने नंदनवन – नंदन पक्षी विहार का निरीक्षण किया। इस दौरान नंदनवन के अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि सभी पक्षियों को उनकी नस्ल के अनुसार विशिष्ट आहार के साथ जरूरत पड़ने पर दवाईयां व खाद्य पदार्थ दिया जा रहा हैं, ताकि पक्षी स्वस्थ रहें। साथ ही नंदनवन का भ्रमण करने आने वाले पर्यटकों के बैठने के लिए पेड़ों की तरह कुर्सियां बनाई गई है, सेल्फी जोन बनाया गया है, साथ ही अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
यह सुनकर वन मंत्री कश्यप ने कहा कि भविष्य में और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए ताकि पक्षी भी स्वस्थ रहें और उन्हें देखने के लिए पर्यटक भी काफी संख्या में आएं। नंदनवन को ऐसा केंद्र बनाया जाए, जहां जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
विदेशी पक्षी भी हैं नंदनवन पक्षी विहार में
मंत्री कश्यप ने कहा कि नंदनवन पक्षी विहार रायपुर में स्थित एक चिड़ियाघर और पिकनिक स्थल है। यहां विदेशी पक्षियों सहित कई प्रकार के पक्षी रखे गए हैं और यह शहर के लोगों के लिए एक प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्पॉट है। यहां अफ्रीकन ग्रे पेलिकन, ब्लैक श्वान, मकाऊ और शुतुरमुर्ग जैसे कई विदेशी पक्षी देखे जा सकते हैं।
नंदनवन पक्षी विहार के निरीक्षण के दौरान विधायक राजेश मूणत, वन बल प्रमुख एवं पीसीसीएफ व्ही श्रीनिवास राव, पीसीसीएफ अरुण कुमार पांडे, रायपुर सीसीएफ मनिवासगन एस., सीसीएफ (वन्यजीव) सतोविषा समाजदार, रायपुर डीएफओ लोकनाथ पटेल, जंगल सफारी संचालक थेझस शेखर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



