बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के प्रसिद्ध मिठाई स्टोर मौसाजी स्वीट्स पर सोमवार को स्टेट जीएसटी टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर और बिलासपुर की संयुक्त टीम ने शहर की सभी 5 शाखाओं (श्रीकांत वर्मा मार्ग, तिफरा, सरकंडा, मंगला, गोलबाजार) पर दबिश दी। टैक्स चोरी की शिकायत के बाद मौसाजी स्वीट्स के सभी संस्थानों पर एकसाथ छापा मारा। छापेमारी की शुरुआत सोमवार शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई, जब चार सदस्यीय टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं और कंप्यूटर सिस्टम सहित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने नियंत्रण में ले लिए।
स्टेट जीएसटी विभाग ने संयुक्त ऑपरेशन की तैयारी की। रायपुर और बिलासपुर की दर्जनभर टीमों ने पूरे ऑपरेशन को समन्वय के साथ अंजाम दिया। जांच के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को तत्काल अपने कब्जे में लेकर डेटा की जांच प्राथमिकता से शुरू की गई है।
बता दें कि मौसाजी स्वीट्स का दायरा काफी व्यापक है और अधिकारियों द्वारा जब्त किए गए वित्तीय दस्तावेजों की जांच जारी है। प्रारंभिक अनुमान है कि फर्म द्वारा टैक्स चोरी के कई साक्ष्य जांच में सामने आ सकते हैं। विभाग जल्द ही जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।



