टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के सुकमा में शुक्रवार शाम नकाबपोश बदमाशों ने दुर्गा ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर दुकान कर्मचारियों को धमकाया और कीमती आभूषण लेकर भागने लगे। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले की सीमाओं को सील कर दिया और फरार आरोपियों की तलाश के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी। पुलिस की कई टीमें विभिन्न दिशाओं में रवाना की गई हैं। सुकमा एसपी किरण सिंह और एसडीओपी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गिरफ्त में आए आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरार बदमाशों के पास हथियार होने की आशंका है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
लूट की घटना के बाद कोंटा पुलिस हाई-अलर्ट पर है। नगर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी रास्तों तक पुलिस की कड़ी निगरानी की जा रही है और प्रत्येक वाहन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



