टीआरपी डेस्क। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो के परिचालन संकट ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। एयरलाइन ने देशभर में 550 से अधिक उड़ानें रद्द कीं, जिनमें अकेले दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद में 191 उड़ानें प्रभावित रहीं। इसके कारण हजारों यात्रियों को लंबी कतारों, इंतजार और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।
स्थिति गंभीर होती देख इंडिगो ने आधिकारिक बयान जारी कर यात्रियों से माफी मांगी और जल्द सामान्य संचालन बहाल करने का आश्वासन दिया। एयरलाइन ने बताया कि पिछले दो दिनों में नेटवर्क और संचालन में व्यापक व्यवधान आया है। इंडिगो ने कहा कि उसकी टीमें MOCA, DGCA, BCAS, AAI और एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ मिलकर स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं और यात्रियों को उड़ानों की स्थिति लगातार जांचने की सलाह दी गई है।
नवंबर महीने में 1200 से अधिक उड़ानें रद्द
इंडिगो प्रतिदिन लगभग 3.8 लाख यात्रियों को सेवा देती है और सामान्य दिनों में करीब 2,300 उड़ानें संचालित करती है। आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में एयरलाइन को 1,232 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि अनेक उड़ानें देर से चलीं।
डीजीसीए की कड़ी कार्रवाई
लगातार गिरते प्रदर्शन को देखते हुए डीजीसीए ने जांच के आदेश के साथ एयरलाइन से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा। इंडिगो ने बताया कि 1,232 रद्द उड़ानों में से 755 उड़ानें स्टाफ की कमी, 92 ATC फेलियर, 258 एयरपोर्ट प्रतिबंध और 127 अन्य कारणों से रद्द हुईं। डीजीसीए ने सेवा गुणवत्ता सुधारने, क्रू भर्ती बढ़ाने और बेहतर शेड्यूलिंग की सलाह दी है।
यात्रियों की नाराजगी सोशल मीडिया पर फूटी
बड़े पैमाने पर कैंसिलेशन के कारण सोशल मीडिया पर हजारों यात्रियों ने असंतोष जताया। उन्होंने वीडियो और तस्वीरें साझा कर एयरलाइन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। कई यात्रियों ने रिफंड, रीबुकिंग और सूचना की कमी को गंभीर समस्या बताया।
इंडिगो के सीईओ का कर्मचारियों को संदेश
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्ट ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में परिचालन संकट पर चिंता जताई और इसे विभिन्न चुनौतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मामूली तकनीकी दिक्कतें, शेड्यूल बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम की भीड़भाड़ और नई FDTL नॉर्म्स से संचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि एयरलाइन हाल के दिनों में यात्रियों को बेहतर अनुभव नहीं दे सकी है।
संकट से निपटने की कोशिश
इंडिगो ने कहा है कि वह परिचालन सुधारने के लिए तेजी से कदम उठा रही है और डीजीसीए के निर्देशों का पालन करेगी। एयरलाइन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति समय-समय पर जांचते रहें और यात्रा से पहले निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंचें।


