टीआरपी डेस्क। पांच दिन की भारी अव्यवस्था के बाद हवाई यात्रा धीरे-धीरे सामान्य दिखने लगी है। IndiGo ने अपने ज्यादातर विमान फिर से ऑपरेशन में ला दिए हैं और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तय समय पर चल रही हैं। दिल्ली समेत कई एयरपोर्ट पर लंबी कतारों में भी अब कमी दिखाई दे रही है।
हालांकि हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। कल भी IndiGo ने करीब 800 उड़ानें रद्द की थीं और आज भी कुछ शहरों में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कई शहरों में आज भी उड़ानें रद्द
दिल्ली एयरपोर्ट से IndiGo ने आज जम्मू, अमृतसर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, नागपुर और आइजोल जाने वाली 6 उड़ानें रद्द की हैं। मुंबई में 8 और चेन्नई में 40 फ्लाइट्स आज भी नहीं चलेंगी।
जम्मू की दो उड़ानें बंद
आज जम्मू के लिए IndiGo की 10 उड़ानें तय थीं। उनमें से 8 सामान्य रूप से चलेंगी, लेकिन दिल्ली और इंदौर से जम्मू जाने वाली दो उड़ानें रद्द हो गई हैं।
पुणे एयरपोर्ट पर भी असर
IndiGo ने पुणे से उड़ने वाली 7 उड़ानें आज के लिए रद्द की हैं। यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट आने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें।
नेटवर्क 95% तक बहाल
कंपनी का कहना है कि उसका 95% नेटवर्क फिर से चल पड़ा है। शनिवार को 1,500 उड़ानें ऑपरेट हुईं और बाकी भी जल्द ही बहाल हो सकती हैं।
यात्रियों को पूरा रिफंड
ixigo के अनुसार, IndiGo ने आश्वासन दिया है कि पिछले पांच दिनों में रद्द हुई उड़ानों का पूरा पैसा यात्रियों को वापस किया जाएगा। एयर इंडिया और एयर एक्सप्रेस ने विशेष छूट की घोषणा की है। 4 दिसंबर तक जिन यात्रियों ने 15 दिसंबर तक की यात्रा बुक की है, वे अपनी फ्लाइट बिना अतिरिक्त शुल्क के किसी और तारीख पर शिफ्ट कर सकते हैं।
DGCA ने नोटिस भेजा
DGCA ने IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स और अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा है। हजारों उड़ानें रद्द होने पर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं। चेक-इन और बोर्डिंग की प्रक्रिया भी सामान्य रूप से चल रही है।
फ्लाइट संकट के बीच रेलवे ने 116 अतिरिक्त कोच लगाने और 37 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें कुल 114 यात्राएं करेंगी। देशभर में बड़े पैमाने पर रद्द उड़ानों को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।



