बीजापुर। बस्तर के बीजापुर–सुकमा जिले के सीमांत इलाके में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार को बंधक बना लिया। इस दौरान ठेकेदार का सहयोगी जान बचाकर भागा और पुलिस कैंप में पहुंचकर इसकी सूचना दी। इस बीच यह खबर आई कि नक्सलियों ने अगवा ठेकेदार की हत्या कर उसकी लाश को सड़क पर फेंक दिया है।
बीजापुर बीजापुर-सुकमा सीमा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे ठेकेदार इम्तियाज अली को नक्सलियों ने रविवार शाम बंधक बना लिया। यह घटना किस्टारम के पास हुई, जहां नक्सली गतिविधियां सक्रिय रही है। देर शाम मिली जानकारी के अनुसार इम्तियाज की हत्या कर दी गई है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
घटना के समय ठेकेदार के साथ मौजूद एक सहयोगी किसी तरह नक्सलियों के कब्जे से बचकर इरापल्ली के मेटागुड़म सुरक्षा कैप पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। सहयोगी के अनुसार नक्सली ठेकेदार को पकड़कर जंगल की ओर ले जाते समय उसके साथ मारपीट भी की।
बताया जा रहा है कि नक्सली लंबे समय से सड़क निर्माण का विरोध कर रहे थे और इलाके में लगातार दबाव बना रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, इम्तियाज़ अली कुछ मजदूरों और सहयोगियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति देखने गए थे, तभी हथियारबंद नक्सलियों ने घात लगाकर उन्हें घेर लिया और अपने साथ ले गए। घटना की पुष्टि करते हुए बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि पुलिस ने सहयोगी के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, हालांकि अब तक सही लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलु पर ध्यान दिया जा रहा है।



