रायपुर। विधानसभा के नए भवन में 14 तारीख से शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। चार दिनों के सत्र में 628 सवाल लगे हैं। इस दौरान अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गुरुवार को सदन की कार्यवाही को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की पहली बैठक गुरुवार, 14 दिसम्बर 2000 को राजकुमार कालेज के जशपुर हॉल में हुई थी। नए भवन में विधानसभा का सातवां सत्र है। सत्र के पहले दिन राज्य सरकार की दीर्घकालीन विकास रणनीति छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर चर्चा होगी। इस सप्तम सत्र में वित्तीय और शासकीय कार्य संपादित किये जाएंगे।

इस दौरान बताया गया कि प्रथम अनुपूरक बजट 15 तारीख को पेश किया जाएगा। इसके बाद अनुदान की मांगों पर चर्चा-पारण के लिए 16 दिसम्बर की तिथि निर्धारित की गई है। 16 दिसम्बर को प्रथम अनुपूरक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक का पुनरस्थापन, विचार तथा पारण होगा।

See also  कांग्रेस MLA बृहस्पत ने सरकार को दी चेतावनी : "कार्रवाई नहीं हुई तो विधान सभा में उठेगा मामला, सदन से करनी होगी घोषणा" VIDEO

सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शतों का विनियमन (संशोधन) विधेयक पेश किया जाएगा। इसके अलावा इस सत्र के लिए सदस्यों से अभी तक प्राप्त प्रश्नों की कुल 628 सूचनायें प्राप्त हुई है, जिनमें से तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 393 और अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 295 है। खास बात यह है कि इस सत्र में 96.17 प्रतिशत प्रश्न आनलाईन प्राप्त हुए हैं। अभी तक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 48 सूचनाए मिली है। नियम 139 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए 1 विषय और अशासकीय संकल्प की कुल 09 सूचनाएं मिली है। शून्यकाल की 4 सूचनाएं और याचिका की 77 सूचनायें भी प्राप्त हुई है।