टीआरपी डेस्क। U19 Asia Cup 2025 : भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के पहले मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया। दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने महज 95 गेंदों में 171 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। अपनी पारी में वैभव ने 14 छक्के और 9 चौके जड़े। वह दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उदिश सूरी की गेंद पर बोल्ड होकर लौट गए। खास बात यह रही कि उन्होंने केवल 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था, और जब वह आउट हुए, तब भारत की पारी का 33वां ओवर चल रहा था।

वैभव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने अंडर-19 वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड भी बदल दिया। इससे पहले 2008 में ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल ने नामीबिया के खिलाफ 12 छक्कों की पारी खेलकर रिकॉर्ड बनाया था। वैभव इससे दो कदम आगे निकल गए और 14 छक्कों के साथ यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारतीय बल्लेबाजों में यह रिकॉर्ड पहले भी उनके ही पास था, जब उन्होंने जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ 143 रन की पारी में 10 छक्के लगाए थे।

See also  Telibandha Firing : फायरिंग के लिए शूटरों को सुपारी की रकम देने वाला भी पुलिस गिरफ्त में

अंबाती रायुडू का अंडर-19 वनडे का सबसे बड़ा भारतीय स्कोर भी टूटते-टूटते रह गया। रायुडू ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 177 रन की शानदार पारी खेली थी। वैभव इस रिकॉर्ड से सिर्फ छह रन दूर रह गए, लेकिन वह एशिया कप में भारत की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि उनमुक्त चंद और अर्जुन आजाद के पास थी, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 121-121 रन बनाए थे।

हालांकि वैभव का यह रिकॉर्ड ज्यादा देर कायम नहीं रह सका। पाकिस्तान और मलेशिया के बीच हो रहे मुकाबले में पाकिस्तान के समीर मिन्हास ने नाबाद 177 रन बनाकर एशिया कप में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।