टीआरपी डेस्क। जिले सहित पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। दुर्ग कलेक्टर ने शनिवार 13 दिसंबर से जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों की नई समय-सारणी लागू करने के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक स्कूलों की पहली पाली की कक्षाएं अब सुबह 8 बजे से प्रारंभ होंगी, जबकि हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से लगेंगी। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक ठंड और शीतलहर के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों और उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर के आदेश में उल्लेख किया गया है कि सुबह की शुरुआती घंटियों के समय ठंड अधिक होने से बच्चों के बीमार पड़ने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए स्कूलों की पाली में यह संशोधन किया गया है।
दो पाली में संचालित स्कूलों के लिए नई व्यवस्था के तहत प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे से 11:45 बजे तक संचालित होंगी, जबकि शनिवार को इनकी कक्षाएं दोपहर 12:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक लगेंगी। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी कक्षाओं की दूसरी पाली सोमवार से शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शाम 4:45 बजे तक तथा शनिवार को सुबह 8 बजे से 11:45 बजे तक संचालित होगी।
एकल पाली में संचालित स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। ऐसे स्कूल अब सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि बदली हुई समय-सारणी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए परिवहन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।




