टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र रविवार से नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन में शुरू हो गया है। 14 दिसंबर से शुरू हुआ यह सत्र 17 दिसंबर 2025 तक कुल चार दिन चलेगा। खास बात यह है कि यह सत्र पूरी तरह पेपरलेस रखा गया है। पहले दिन सदन में प्रश्नकाल नहीं है और चर्चा का केंद्र बिंदु छत्तीसगढ़ विजन 2047 है।

हालांकि पहले दिन की कार्यवाही में केवल भाजपा विधायक ही शामिल हुए, क्योंकि कांग्रेस विधायकों ने सत्र के पहले दिन का बहिष्कार किया। विजन 2047 पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में छत्तीसगढ़ अंजोरा विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत किया और प्रदेश की उपलब्धियों व भविष्य की योजनाओं को सामने रखा।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चर्चा के दौरान बताया कि छत्तीसगढ़ में निर्मित एल्युमिनियम का इस्तेमाल चंद्रयान और मंगलयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों में हो चुका है। इसके साथ ही तेजस फाइटर प्लेन और कई रॉकेट्स में भी छत्तीसगढ़ का एल्युमिनियम उपयोग में लाया गया है।

See also  बड़ी खबरः CRPF के जवान ने खुद को मारी गोली, एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था कैम्प

ओपी चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन कांग्रेस सदन से नदारद है। जनता ऐसे प्रयासों को देख रही है और समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि यही कारण है कि जनता लगातार कांग्रेस को दरकिनार करती आई है।

विजन डॉक्यूमेंट 2047 को प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इसमें दीर्घकालीन, मध्यकालीन और अल्पकालीन लक्ष्य तय किए गए हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की जीडीपी लगभग 5 लाख 67 हजार करोड़ रुपये है, जिसे वर्ष 2047 तक बढ़ाकर 74 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि यूपीए शासनकाल में देश की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर थी, जबकि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।