रायपुर। राजधानी रायपुर में 23, 24 और 25 दिसंबर को आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव के मेगा फाइनल और समापन समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आयोजन से जुड़े अधिकारियों व आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में खिलाड़ियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
सांसद खेल महोत्सव की बढ़ती पहचान का संकेत केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का वह पत्र भी है, जिसमें उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को इस आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। इसे आयोजन की प्रतिष्ठा के साथ-साथ खेल विकास के प्रति अग्रवाल के प्रयासों की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।
सांसद अग्रवाल के अनुसार 23 और 24 दिसंबर को मेगा फाइनल मुकाबले सुभाष स्टेडियम, स्प्रे स्कूल, जे.एन. पाण्डेय स्कूल और अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में होंगे। इन प्रतियोगिताओं में करीब 5,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी 9 विधानसभाओं के अंतर्गत रायपुर नगर निगम, अभनपुर, आरंग, तिल्दा, धरसीवा, बलौदा बाजार, भाटापारा और सिमगा ब्लॉक से चयनित खिलाड़ी 13 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इनमें कुश्ती, खो-खो, गेंड़ी दौड़, फुगड़ी, रस्साकसी, रस्सीकूद, कबड्डी, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, तैराकी, भारोत्तोलन और शरीर सौष्ठव शामिल हैं। प्रतियोगिताएं 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बालक-बालिका श्रेणियों में होंगी।
25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, वहीं राज्य के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को पहचान और आगे बढ़ाने का अभियान है। गांव से शहर तक छुपी प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए यह महोत्सव अनुशासन, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को जन-जन तक पहुंचा रहा है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, एसडीएम नंद कुमार दुबे, छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के अध्यक्ष कैलाश मुरारका सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, खेल अधिकारी और वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि रायपुर सांसद खेल महोत्सव ने जनभागीदारी के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। 13 खेलों में करीब 85,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से केवल रायपुर नगर निगम क्षेत्र से ही 14,000 खिलाड़ियों की सहभागिता रही।


