टीआरपी डेस्क। रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले वीकेंड में ही 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर मजबूत शुरुआत की थी। अब दूसरे वीकेंड में धुरंधर ने ऐसे रिकॉर्ड बना दिए हैं, जिन्हें पुष्पा 2, जवान और एनिमल जैसी बड़ी फिल्में भी हासिल नहीं कर सकीं। मात्र 10 दिनों में फिल्म ने साल की बड़ी सप्राइज हिट सैयारा को पीछे छोड़ दिया है।

फिल्म ने पहले सात दिनों में 218 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद दूसरे वीकेंड की शुरुआत और भी दमदार रही। आठवें दिन, यानी दूसरे शुक्रवार को धुरंधर ने ओपनिंग डे से ज्यादा 34.70 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि पहले शुक्रवार को फिल्म ने 28 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक का कलेक्शन किया था।

दूसरे शनिवार को फिल्म की कमाई में 50 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया और कलेक्शन 53.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके साथ ही धुरंधर दूसरे शनिवार को सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली हिंदी फिल्म बन गई। रविवार को भी फिल्म का क्रेज बरकरार रहा। देश के कई शहरों में सुबह से ही हाउसफुल के बोर्ड लग गए और कई थिएटर शनिवार-रविवार को चौबीसों घंटे खुले रहे। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, दसवें दिन फिल्म ने करीब 60 करोड़ रुपये की कमाई की, जो किसी हिंदी फिल्म के लिए दसवें दिन का अब तक का सबसे बड़ा कलेक्शन माना जा रहा है।

See also  Breaking: Drugs Case में बॉलीवुड ऐक्टर अर्जुन रामपाल के घर पर NCB का छापा

दूसरे वीकेंड में धुरंधर ने कुल 148 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पुष्पा 2 के नाम था, जिसने दूसरे वीकेंड में 127 करोड़ रुपये की कमाई की थी। खास बात यह है कि धुरंधर ने दूसरे वीकेंड में पहले वीकेंड से भी ज्यादा कमाई की, जो 400 करोड़ से अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्मों में अब तक नहीं देखा गया था।

अब तक 10 दिनों में धुरंधर का नेट कलेक्शन 365 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। इसके साथ ही फिल्म ने सैयारा को पीछे छोड़ते हुए 2025 की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म का स्थान हासिल कर लिया है। साथ ही, धुरंधर रणवीर सिंह के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है, जिसने 2018 में आई पद्मावत के 302 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।