रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को बेरोजगारी भत्ता का मुद्दा गरमाया रहा। सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सवाल उठाया कि राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं को भत्ता दे रही है या नहीं। इस पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर है। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले सत्र में सरकार ने योजना के चालू होने की जानकारी दी थी, ऐसे में यदि योजना लागू है तो युवाओं को भत्ता क्यों नहीं दिया जा रहा।

इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। सदन में नारेबाजी और हंगामा होता रहा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने बेरोजगारी भत्ता नहीं दिए जाने के विरोध में सदन से बहिर्गमन किया।

कार्यवाही के दौरान मंत्री अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से पूछा कि वे दिल्ली गए थे या हैदराबाद और राहुल गांधी को फुटबॉल खेलते देखा या नहीं। इस पर महंत ने पलटवार करते हुए कहा कि कल तो आप हमारी जगह थे। जवाब में चंद्राकर ने कहा कि वह कल भी अपनी ही जगह थे। इस पर भूपेश बघेल ने भी चंद्राकर से सवाल किया कि वे क्या खेल रहे थे।

See also  CG Weather Update : गुरुवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

इससे पहले सदन की कार्यवाही की शुरुआत में स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन की सूचना दी। इसके बाद मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री सहित सदन के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत के सम्मान में सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित की गई।