सुरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जरही तहसील कार्यालय में छापा मारकर एक बाबू को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रकरण को तैयार करने के एवज में एक ग्रामीण से रिश्वत मांगने का आरोप है।

ACB की छापेमारी के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया है। सूरजपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ ये बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को जरही तहसील कार्यालय में अचानक दबिश देकर कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबू पर भूमि अधिग्रहण से संबंधित एक प्रकरण तैयार करने और आगे बढ़ाने के एवज में एक ग्रामीण से रिश्वत की मांग की जा रही थी। ग्रामीण ने रिश्वत की मांग से परेशान होकर इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

See also  Bank Festival Offers: त्योहारी सीजन में ग्राहकों के लिए तोहफा, शॉपिंग पर बैंकों द्वारा आकर्षक ऑफर

बताया जा रहा है कि जैसे ही फरियादी ग्रामीण ने तहसील कार्यालय में आरोपी बाबू को तय रकम 25 हजार रुपये सौंपी, उसी दौरान पहले से मौजूद ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाकर केमिकल परीक्षण किया, जिसमें रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई को ACB की आठ सदस्यीय टीम ने अंजाम दिया। टीम में निरीक्षक स्तर के अधिकारी सहित अन्य कर्मी शामिल थे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को कानूनी रूप से रिकॉर्ड किया। कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों और आम लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई कर्मचारियों में डर और तनाव का माहौल देखा गया।