रायपुर। राज्य शासन ने चार जिला सहकारी बैंक में अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। अब तक इन बैंकों में कलेक्टर प्राधिकृत अधिकारी रहे हैं।
सहकारिता विभाग से जारी आदेशानुसार बिलासपुर बैंक में पूर्व विधायक रजनीश सिंह अध्यक्ष , रजनी साहू उपाध्यक्ष, राजनांदगांव में सचिन सिंह बघेल अध्यक्ष पूर्व महामंत्री भाजपा भरत वर्मा उपाध्यक्ष, दुर्ग प्रीतपाल बेलचंदन अध्यक्ष, नरेश यदु उपाध्यक्ष, अंबिकापुर राकिशुन सिंह अध्यक्ष जगदीश साहु उपाध्यक्ष, और जगदलपुर में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप अध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। सरकार बनने के बाद से कलेक्टर की अध्यक्षता में बैंक संचालित हो रहे थे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के लिए जारी आदेश के तहत बैंक के बोर्ड की शक्तियों के संचालन के लिए गठित अशासकीय व्यक्तियों की समिति में रजनीश सिंह को अध्यक्ष एवं रजनी साहू को उपाध्यक्ष के रूप में नामांकित किया गया है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 की धारा 49 (8) के अंतर्गत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के बोर्ड की शक्तियों के प्रयोग हेतु कलेक्टर, जिला बिलासपुर को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसी क्रम में सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 एवं छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी नियम 1962 के नियम 43-ख के प्रावधानों के तहत गठित छानबीन समिति की बैठक 15 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई।
छानबीन समिति की बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के लिए दो सदस्यीय अशासकीय व्यक्तियों की समिति गठित करने की अनुशंसा की गई। समिति द्वारा रजनीश सिंह एवं रजनी साहू के नाम प्रस्तावित किए गए, जिसमें रजनीश सिंह को अध्यक्ष तथा रजनी साहू को उपाध्यक्ष बनाए जाने की अनुशंसा शामिल रही।
इसके पश्चात पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 की धारा 49 (8) के तहत अन्य आगामी आदेश तक के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने हेतु अशासकीय व्यक्तियों की समिति के सदस्यों में से रजनीश सिंह को अध्यक्ष एवं रजनी साहू को उपाध्यक्ष के रूप में विधिवत नामांकित किया गया है।
यह आदेश जारी होते ही जिला सहकारी बैंक से जुड़े प्रशासनिक और सहकारी हलकों में हलचल तेज हो गई है, वहीं नई नियुक्तियों को लेकर बैंक से संबंधित गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


