टीआरपी डेस्क। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे। बर्लिन एयरपोर्ट पर भारतीय विदेश कांग्रेस (IOC) के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
राहुल गांधी बर्लिन में आयोजित IOC के कार्यक्रम में भाग लेंगे। IOC के अनुसार, वे भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद करेंगे और यूरोप में पार्टी के विभिन्न अध्यक्षों से मुलाकात कर एनआरआई से जुड़े मुद्दों तथा कांग्रेस की विचारधारा के प्रसार पर चर्चा करेंगे। राहुल गांधी 20 दिसंबर तक जर्मनी में रहेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब देश में संसद का शीतकालीन सत्र 1 से 19 दिसंबर तक चल रहा है। इसे लेकर भाजपा ने उनके जर्मनी दौरे पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘LoP’ का अर्थ ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ है।
वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अपने कार्यकाल का बड़ा हिस्सा विदेश दौरों में बिताते हैं, ऐसे में विपक्ष के नेता की विदेश यात्रा पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी का पिछले छह महीनों में यह चौथा विदेश दौरा है। इससे पहले वे जुलाई से सितंबर के बीच लंदन, मलेशिया और ब्राजील-कोलंबिया की यात्रा कर चुके हैं।


