टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयकर विभाग ने प्रमुख खनन कारोबारियों राजीव चड्ढा एवं नितिन शर्मा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने दोनों कारोबारियों के घरों एवं कार्यालयों पर एक साथ दबिश दी। करीब 20 वाहनों में सवार अधिकारी विभिन्न स्थानों पर पहुंचे तथा दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस कार्रवाई से शहर के रसूखदार कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, राजीव चड्ढा की फर्म एसजीएमएम और नितिन शर्मा की सागर स्टोन के ठिकानों पर टीम ने कार्रवाई की। स्वच्छता अभियान 2025 का स्टीकर लगी गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे। सिविल लाइंस एवं मदन महल क्षेत्र में नागपाल गार्डन के पास स्थित कार्यालयों एवं आवासों पर दबिश दी गई। दोनों स्थानों पर अधिकारी दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। कार्रवाई जारी है तथा आगे की जानकारी का इंतजार है।



