‘टीआरपी डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा हिजाब विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी नाराजगी जताई है। जायरा वसीम, राखी सावंत और सना खान के बाद अब वरिष्ठ गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री से माफी की मांग की है।

जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि वह पर्दा प्रथा के पारंपरिक विचारों के खिलाफ हैं, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि किसी महिला की गरिमा के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार किया जाए। उन्होंने लिखा कि एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के साथ जो व्यवहार किया गया, वह पूरी तरह गलत है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संबंधित महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

इससे पहले अभिनेत्री जायरा वसीम ने भी सोशल मीडिया के जरिए नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था कि किसी महिला की गरिमा और शालीनता से सार्वजनिक मंच पर खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। एक मुस्लिम महिला के रूप में इस तरह की घटना देखना बेहद आहत करने वाला है और सत्ता किसी को भी मर्यादा लांघने का अधिकार नहीं देती।

See also  अंडमान निकोबार पहुंचा मानसून, नवतपा के बाद होगी झमाझम बारिश...

वहीं अभिनेत्री सना खान ने भी एक वीडियो साझा कर बिना नाम लिए इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक हिजाबी महिला का नकाब खींचना बेहद अपमानजनक है और यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। सना खान ने कहा कि वीडियो देखकर उन्हें गहरा आक्रोश महसूस हुआ और ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाई जानी चाहिए।

हिजाब विवाद को लेकर लगातार सामने आ रही प्रतिक्रियाओं के बीच यह मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।