टीआरपी डेस्क। रायपुर में विशेष गहन संशोधन अभियान (एसआईआर) के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 18 दिसंबर को समाप्त हो गई। जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में करीब 1.38 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जिन्होंने गणना प्रपत्र तो जमा किया, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए।
चुनाव आयोग ने इन सभी मतदाताओं को सी कैटेगरी में वर्गीकृत किया है। इन मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा तथा नोटिस के बाद भी दस्तावेज जमा नहीं करने पर उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।
रायपुर में कुल 18,92,523 मतदाता हैं। इनमें ए कैटेगरी में लगभग 4.66 लाख मतदाता शामिल हैं, जिनके गणना प्रपत्र पूर्णतः सही पाए गए। बी कैटेगरी में करीब 7.33 लाख मतदाता रखे गए हैं, जिनके प्रपत्र सही हैं, लेकिन उनके एवं उनके माता-पिता के 2003 की मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों की जांच बाकी है। इस जांच का कार्य 19 दिसंबर से शुरू होगा।
ये मतदाता ऐसे हैं जिन्होंने 2003 की मतदाता सूची में स्वयं, माता-पिता या परिवार के किसी रिश्तेदार का नाम संबंधित जानकारी फॉर्म के साथ जमा नहीं की। अब संबंधित एसडीएम इन सभी को नोटिस जारी करेंगे। राज्य में सबसे अधिक नाम कटौती रायपुर जिले से होने की संभावना है। यहां की सात विधानसभाओं में 79,405 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है तथा 2,88,222 मतदाता रायपुर से बाहर स्थानांतरित हो गए हैं।


