टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के सतना जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में छह बच्चों के HIV पॉजिटिव पाए जाने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर एवं दो लैब तकनीशियनों को निलंबित कर दिया गया।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 16 दिसंबर को मामले की जांच के लिए विशेष समिति गठित की थी। समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में ब्लड ट्रांसफ्यूजन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही के संकेत मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
निलंबित कर्मचारियों में ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर देवेंद्र पटेल, लैब तकनीशियन राम भाई त्रिपाठी एवं नंदलाल पांडे शामिल हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल के पूर्व सिविल सर्जन मनोज शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के छह बच्चे जनवरी से मई के बीच अलग-अलग समय पर सतना, जबलपुर सहित अन्य जिलों के सरकारी अस्पतालों में रक्त चढ़ाए जाने के बाद HIV पॉजिटिव पाए गए। जांच में एक बच्चे के माता-पिता भी HIV संक्रमित मिले हैं।
सरकार ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बच्चों का इलाज राष्ट्रीय HIV उपचार प्रोटोकॉल के अनुसार किया जा रहा है। जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ब्लड बैंक एवं ट्रांसफ्यूजन सिस्टम की व्यापक समीक्षा की जाए


