टीआरपी डेस्क।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इस बार कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। रात एक बजे के बाद से सुबह करीब आठ बजे तक कोहरे की स्थिति बनी रहती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

रायगढ़ और सारंगढ़ जिले को जोड़ने वाले सूरजगढ़ पुल पर कोहरे के कारण आगे का रास्ता साफ नजर नहीं आ रहा है। दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और चालक सावधानी से आवागमन कर रहे हैं।

शहर की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा अधिक घना रहता है। इस बार कोहरा ज्यादा छा रहा है, जो सुबह लगभग आठ बजे तक बना रहता है। पुसौर ब्लॉक के सुकुलभठली क्षेत्र में भी सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति देखी जा रही है।

जिले में शीतलहर का प्रभाव भी लगातार बना हुआ है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि दो दिन पहले यह 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर और तेज हो गया है।

See also  Weather Update : फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इन इलाकों में होगी बारिश! मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के कारण दोपहर के समय भी ठंड का एहसास हुआ। लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए, वहीं रात के समय ठंड से बचने के लिए अलाव जलाए गए।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री और रविवार को दो डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद ठंड का असर बना रहेगा और रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।