टीआरपी डेस्क। खैरागढ़ जिले के घाघरा बटालियन कैंप में बीती रात एक CAF जवान की उसी कैंप में पदस्थ दूसरे जवान ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जवान गहरी नींद में सो रहा था, इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर गोली चला दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तरप्रदेश का निवासी था। वह छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की बटालियन में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि उसी कैंप में तैनात अरविंद गौतम से उसकी किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। बीती रात सोनवीर कैंप में सोने गया और गहरी नींद में पहुंचते ही आरोपी ने उस पर गोली चला दी,
घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई। अन्य जवानों ने घायल सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



