टीआरपी डेस्क। जांजगीर-चांपा के चांपा पोस्ट ऑफिस में मासिक किस्त जमा कराने के नाम पर एजेंट दीपक देवांगन ने एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की। आरोपी ने पिछले पांच सालों में लगभग 200 खाताधारकों के साथ फर्जी एंट्री, हस्ताक्षर एवं पोस्ट ऑफिस की फर्जी मुहर लगाकर ठगी की। एक पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चांपा निवासी राजकुमार देवांगन ने 16 दिसंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से उनके दो खाते पोस्ट ऑफिस चांपा में थे, जिसमें वे एजेंट दीपक कुमार देवांगन के माध्यम से प्रतिमाह 1500 रुपये जमा करते थे। उन्होंने कुल 66,000 रुपये जमा किए, लेकिन एजेंट ने मात्र 6,900 रुपये ही खातों में जमा किए और शेष 59,100 रुपये की फर्जी एंट्री, हस्ताक्षर एवं फर्जी मुहर लगाकर गबन कर लिया।
इसी प्रकार आरोपी दीपक देवांगन ने लगभग 200 खाताधारकों से मासिक किस्त लेकर पांच वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। आरोपी को पकड़कर पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया तथा बताया कि धोखाधड़ी की राशि को ऑनलाइन बेटिंग ऐप में हार गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल, दो फर्जी सिम, चार बैंक खाते, लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खाते, एजेंट लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



