कोरबा/कटघोरा। जनपद सदस्य और वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय गर्ग की धारदार हथियारों से की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और एसपी सिद्धार्थ तिवारी की कड़ी घेराबंदी के बाद इस हत्याकांड की परतें लगभग खुल चुकी हैं। पुलिस की जांच अब ‘राजनीतिक रंजिश’ के अहम मोड़ पर आकर टिक गई है।
मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता हिरासत में
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात में कुल 5 लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। अक्षय गर्ग पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। वहीं हत्या की पूरी पटकथा लिखने वाला मुख्य साजिशकर्ता भी हिरासत में ले लिया गया है।
चुनावी रंजिश हत्या की प्रमुख वजह
प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह चुनावी रंजिश को माना जा रहा है। जनपद पंचायत क्षेत्र बिंझरा चुनाव में अक्षय गर्ग की जीत के बाद निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी मुश्ताक से विवाद बढ़ गया था। करीब एक वर्ष पहले चुनावी हार को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी, तभी से बदले की भावना पनप रही थी।
वारदात के समय वाहन में मौजूद तीन अन्य आरोपी, जिन्होंने चाकू से वार किया था, फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने उस वाहन को भी बरामद कर लिया है जिसका उपयोग हत्या में किया गया था। बताया जा रहा है कि यह वाहन मुख्य साजिशकर्ता ने हाल ही में एक ग्रामीण से खरीदा था। पुलिस ने इस मामले मुश्ताक, अर्बन कुजूर और विश्वजीत ओगरे सहित 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
हालांकि,पुलिस के अधिकृत खुलासे के पूर्व कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
आज होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत भाजपा नेता अक्षय गर्ग का अंतिम संस्कार आज कटघोरा के मलदा घाट मुक्तिधाम में किया जाएगा। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और जनप्रतिनिधियों के जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।



