मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर यहूदी समुदाय को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने मेलबर्न में एक रब्बी की कार को आग लगाने की कोशिश की। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने इसे कार की फायर बॉम्बिंग करार दिया है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना को संदिग्ध यहूदी विरोधी भावना से प्रेरित बताया है।
ऑस्ट्रेलिया पुलिस के अनुसार, क्रिसमस से पहले तड़के करीब 2.50 बजे सेंट किल्डा ईस्ट के बालाक्लावा रोड स्थित रब्बी के घर के ड्राइववे में खड़ी सिल्वर सेडान कार पर आग लगाने वाला बम फेंका गया। घटना में कार का दरवाजा आंशिक रूप से जल गया। कार पर हैप्पी हनुक्का लिखा एक छोटा बोर्ड भी लगा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर रब्बी और उनके परिवार को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। मूरैबिन क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट के जासूस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि एक ऐसे व्यक्ति की पहचान की गई है, जो जांच में मदद कर सकता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
घटना के बाद जली हुई कार को गुरुवार सुबह ड्राइववे से हटा दिया गया, लेकिन टूटे हुए कांच वहीं बिखरे रहे। यह घर एक यहूदी स्कूल के सामने स्थित है, जहां प्रवेश द्वार के पास एक छोटे बच्चे की साइकिल और जूतों की कतारें देखी गईं।
यह घटना बॉन्डी बीच पर हनुक्का फेस्टिवल के दौरान हुए हमले के 11 दिन बाद सामने आई है, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। यहूदियों का रोशनी का त्योहार हनुक्का 22 दिसंबर को समाप्त हुआ था।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि बॉन्डी हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया का यहूदी समुदाय पहले से ही शोक में है। मेलबर्न में कार को आग लगाने की यह घटना संदिग्ध यहूदी विरोधी भावना का एक और गंभीर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संघीय अधिकारी हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।



