टीआरपी। a film festival in memory of actor Nirmal Pandey : अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्म अभिनेता स्वर्गीय निर्मल पांडेय की यादों को संजोते हुए राजधानी रायपुर में 9 एवं 10 अगस्त 2026 को निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। निर्मल पांडेय स्मृति न्यास इस फेस्टिवल का आयोजन कर रही है। शनिवार को फिल्मं फेस्टिवल का पोस्टर लॉच किया गया।
निर्मल पांडेय स्मृति न्यास के संस्थापक अनिल दुबे बताया कि निर्मल पांडेय स्मृति न्यास हर वर्ष देश के अलग अलग राज्यों में निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल का आयोजन करते आ रहा है। इसी कड़ी में अब फिल्म के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे छत्तीसगढ़ राज्य को चुना गया है। दो दिन के इस फेस्टिवल में देश विदेश से आई शार्ट फिल्म्स, डाक्यूमेंट्री फिल्म्स और फीचर फिल्म्स का प्रदर्शन होता है। सिनेमा जगत से जुड़ी विशिष्ट हस्तियों का फेस्टिवल में सम्मान कार्यक्रम भी रखा जाता है। इस बार मुम्बई तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा से जुड़ी बड़ी हस्तियों का सम्मान होगा।
अनिल दुबे ने कहा कि फिल्में समाज का आईना होती हैं और शिक्षा का माध्यम भी। इसीलिए विगत वर्षों में हमने इस फेस्टिवल का आयोजन कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल (उत्तराखंड) एवं शिया कॉलेज, लखनऊ (उत्तरप्रदेश), क्षेत्रीय शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान, भोपाल (मध्यप्रदेश) और बीजू पटनायक फिल्म एन्ड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ ओड़िशा कटक के सहयोग से किया, ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। इस वर्ष छत्तीसगढ़ में होने जा रहे फेस्टिवल में हम फिल्म और टेलीविजन का अध्ययन कर रहे छात्रों द्वारा छत्तीसगढ़ पर्यटन, महिला एवं बाल विकास तथा यहां की संस्कृति एवं साहित्य जैसे विषयों को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई फिल्मों को आमंत्रित करेंगे।
उभरती प्रतिभाओं को प्लेटफार्म देना उद्देश्य
फेस्टिवल का उद्देश्य कला और संस्कृति के क्षेत्र में कार्य कर रहीं देश की उभरती प्रतिभाओं को एक ऐसा प्लेटफार्म देना है जहां वे अपनी लघु फ़िल्मों के माध्यम से फ़िल्म संसार की बड़ी हस्तियों के सामने अपनी प्रतिभा को सामने लाकर उज्जवल भविष्य की राह में अग्रसर हो सकें।
पोस्टर लॉच
निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर लॉचिंग के दौरान विधायक एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कलाकार पद्मश्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, छत्तीसगढ़ी सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्देशक सतीश जैन एवं मनोज वर्मा, निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह, अभिनेता व अभिनय प्रशिक्षक ज्ञानदेव, अनिरुद्ध दुबे, रायपुर फिल्म फेस्टिवल समन्वक दीपक श्रीवास्तव, फेस्टिवल के क्रियेटिव डायरेक्टर तथा फिल्म एवं वेब सीरीज़ के जाने माने अभिनेता आशित चटर्जी, निर्मल पांडेय स्मृति न्यास के संस्थापक, फेस्टिवल डायरेक्टर, फिल्म एवं टेलीविजन, वेब सीरीज़ निर्देशक अनिल दुबे उपस्थित रहे।



