टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना पोरसा थाना क्षेत्र के जोटई रोड की है। आरोप है कि कार चालक भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया शराब के नशे में वाहन चला रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोटई रोड बाईपास चौराहे के पास कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे हाथ सेंक रहे थे। इसी दौरान एमपी 06 सीए 5172 नंबर की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और लापरवाही से आगे बढ़ता रहा। इस दौरान उसकी कार सड़क पर खड़ी एक अन्य गाड़ी से भी टकरा गई।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पोरसा पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोप है कि पुलिस हिरासत से वह फरार हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी को पुलिस की लापरवाही के चलते भागने का मौका मिला।

See also  छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ : सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई मनमोहक प्रस्तुतियां

पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के पकड़े जाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।