टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर के किराडपुरा इलाके में AIMIM पार्टी के दो गुटों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 12 से मोहम्मद इसरार को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद समर्थकों द्वारा निकाली गई रैली का दूसरे गुट ने विरोध कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 12 से AIMIM के हाजी इसाक भी चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। पार्टी द्वारा मोहम्मद इसरार के नाम पर मुहर लगने से हाजी इसाक के समर्थक नाराज थे। जैसे ही इसरार समर्थकों की रैली किराडपुरा पहुंची, हाजी इसाक के समर्थकों ने रैली को रोक दिया। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि, महाराष्ट्र में निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने हाल ही में आठ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इसके बाद से ही कई दावेदारों में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इसी असंतोष के चलते पार्टी के दो गुट आमने-सामने आ गए।

See also  CM बदलते ही BJP गुजरात में 'नो रिपीट फॉर्म्युला', 24 मंत्रियों को दिलाई जा रही है शपथ, रुपाणी कैबिनेट में शामिल सभी की हुई छुट्टी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में नारेबाजी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसा में बदल गया। गुस्साए समर्थकों ने रैली में शामिल कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया और उम्मीदवार के साथ भी मारपीट की। हालात बिगड़ते देख उम्मीदवार को अपने समर्थकों के साथ वहां से निकलना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद इलाके में शांति बहाल की गई।