टीआरपी डेस्क। भारतीय टेस्ट टीम के कोच के तौर पर गौतम गंभीर के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है। बीते कुछ दिनों से लगातार यह सवाल उठ रहा था कि क्या टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की कोचिंग जिम्मेदारी में कोई बदलाव होने वाला है। इसी बीच एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसने इन अटकलों को और तेज कर दिया।

एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार के बाद बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण से बातचीत की थी। रिपोर्ट के मुताबिक यह बातचीत अनौपचारिक थी और टेस्ट टीम की कोचिंग को लेकर रायशुमारी तक सीमित रही। हालांकि, बताया गया कि लक्ष्मण ने इस प्रस्ताव में दिलचस्पी नहीं दिखाई और नेशनल क्रिकेट अकादमी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी मौजूदा भूमिका को ही प्राथमिकता दी।

इस खबर के सामने आते ही भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर कोच के बदलने को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक, गंभीर के भविष्य पर सवाल खड़े किए जाने लगे। इन अटकलों के बीच बीसीसीआई को आधिकारिक तौर पर सामने आना पड़ा।

See also  विदेश में राज्य का मान बढ़ाएंगी छत्तीसगढ़ की बेटियां, एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

बोर्ड के सचिव देवाजित सैकिया ने इन तमाम दावों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि लक्ष्मण को टेस्ट टीम का कोच बनाए जाने की खबरें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही बातें सिर्फ कयास हैं और बोर्ड की तरफ से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है। बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि गौतम गंभीर को लेकर उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इस बयान के बाद फिलहाल यह तय माना जा रहा है कि गंभीर तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे। गौर करने वाली बात यह है कि गंभीर को बीसीसीआई ने तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किया है, जो 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक मान्य है।