टीआरपी डेस्क। झारखंड के टाटानगर से केरल जा रही ट्रेन संख्या 18189 टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। यह हादसा आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में यलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास हुआ। इस दर्दनाक घटना में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रेन के दो एसी कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
हादसा सोमवार तड़के करीब एक से डेढ़ बजे के बीच उस समय हुआ, जब ट्रेन यलमंचिली-दुव्वाडा सेक्शन से गुजर रही थी। अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक बी-1 और एम-2 एसी कोच से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन में चीख-पुकार शुरू हो गई।
लोको पायलट ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को यलमंचिली स्टेशन पर रोक दिया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई और आग की चपेट में आए कोचों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया। लोको पायलट की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और अन्य कोचों में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस अग्निकांड में विशाखापत्तनम निवासी 70 वर्षीय यात्री चंद्रशेखर सुंदरम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह विजयवाड़ा जा रहे थे, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कोच से बाहर नहीं निकल सके। हादसे में करीब दो दर्जन यात्री मामूली रूप से झुलस गए या धुएं के असर से बीमार हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि 150 से अधिक यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जांच में स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बी-1 कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण अत्यधिक घर्षण पैदा हुआ, जिससे आग लगी। कोच में कंबल और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। वहीं कुछ तकनीकी अधिकारी शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहे हैं। रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं।
हादसे के बाद रेलवे ने तत्काल प्रभावित कोचों को अलग कर ट्रेन संचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई और आरटीसी बसों का इंतजाम किया गया। रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। एलामनचिली के लिए 7815909386, अनाकापल्ले के लिए 7569305669, राजमुंदरी के लिए 0883-2420541 और विजयवाड़ा के लिए 0866-2575167 नंबर जारी किए गए हैं।



