Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में फसल गिरदावरी कार्य में लापरवाही एक पटवारी को भारी पड़ गई। रामचंद्रपुर तहसील में पदस्थ पटवारी विवेक शुभम वैभव को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर तहसील में फसल गिरदावरी को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई थी। जांच में पटवारी की लापरवाही और उदासीनता प्रमाणित हुई, जिसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के प्रावधानों के विपरीत माना गया।
इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज निर्धारित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।



