टीआरपी डेस्क। उत्तर भारत में घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर मंगलवार को कम दृश्यता के कारण सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोहरे की वजह से कई उड़ानें देरी से चलीं, कई रद करनी पड़ीं और कुछ को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। हालात को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है।

मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांचें, एयरलाइन से संपर्क में रहें और अतिरिक्त समय लेकर निकलें। मंत्रालय के मुताबिक, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा असर

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को कोहरे के चलते 118 उड़ानें रद कर दी गईं। इनमें 60 आगमन और 58 प्रस्थान की फ्लाइट्स शामिल हैं। इसके अलावा 16 उड़ानों को अन्य एयरपोर्ट पर भेजा गया, जबकि करीब 130 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे संचालन प्रभावित हुआ।

See also  Delhi Riots 2020: दिल्ली दंगे से जुड़े एक मामले में उमर खालिद और खालिद सैफी हुए बरी

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, केवल CAT III सुविधा वाली उड़ानें ही कम दृश्यता में उड़ान भर पा रही हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह सोशल मीडिया के जरिए बताया कि ऑपरेशंस सामान्य हैं, लेकिन गैर-CAT III फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं।

एयरलाइंस के लिए सख्त निर्देश

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को यात्री सुविधा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसमें समय पर फ्लाइट की जानकारी देना, देरी की स्थिति में भोजन उपलब्ध कराना, उड़ान रद होने पर री-बुकिंग या पूरा रिफंड देना, समय पर चेक-इन करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग से वंचित न करना, बैगेज सहायता और शिकायतों का त्वरित निपटारा शामिल है। मंत्रालय ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भलाई सबसे अहम है।

AAI की ओर से मदद के इंतजाम

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी प्रभावित एयरपोर्ट्स पर सहायता टीमें तैनात की हैं, जो यात्रियों को मौके पर मदद कर रही हैं। AAI ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहें और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखें।

See also  राजनांदगांव सीट से चुनाव जनता लड़ेगी और जीतेगीः पूर्व सीएम भूपेश बघेल

AAI ने प्रमुख एयरलाइंस के कस्टमर सपोर्ट नंबर भी साझा किए हैं, जैसे इंडिगो: 0124 497 3838, एयर इंडिया: 011 6932 9333, स्पाइसजेट: +91 (0)124 498 3410 / +91 (0)124 710 1600, और अन्य। इससे यात्रियों को आसानी से मदद मिल सके।