टीआरपी। Panchmukhi Budha Mahadev temple : प्रदेश के पुरातात्विक स्थलों में प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर के समीप कवर्धा शहर में पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं भव्य मंदिर निर्माण के उद्देश्य से महादेव मंदिर उन्नयन महा अभियान का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री ने किया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंदिर उन्नयन अभियान के लिए खोले गए बैंक एकाउंट एवं क्यूआर कोड का भी विमोचन किया। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से दानदाता कहीं से भी सहज रूप से ऑनलाइन दान कर मंदिर के विकास एवं उन्नयन कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। पहले ही दिन 75 लाख रुपये एकत्रित हुए।

उपमुख्यमंत्री ने किया पांच लाख रुपये का सहयोग


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि क्यूआर कोड से जिले के नागरिक अधिक से अधिक सहयोग कर इस पुण्य कार्य से जुड़ सकेंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस महाअभियान में सहभागी बनकर भगवान श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव के भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करें। उपमुख्यमंत्री ने पांच लाख रुपये का सहयोग किया और आगे भी पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

See also  घोटाले का कार्पोरेशन, आरोप लगते ही पूर्व एम.डी ने छोड़ा पद


कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय, पूर्व संसदीय सचिव डा.सियाराम साहू एवं पूर्व विधायक योगेश्वर राज सिंह तीनों ने अलग-अलग 1 लाख 11 हजार रुपये भेंट किया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने 1 लाख रूपए तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गणेश तिवारी ने 2 लाख 21 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की।


21 पार्षदों ने एक-एक माह का वेतन और एक-एक लाख दिया


कार्यक्रम के दौरान कवर्धा नगर पालिका के 21 पार्षदों ने अपना एक-एक माह का वेतन तथा पार्षद निधि से एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। पहले ही दिन शहर के दान दाताओं से 75 लाख रूपये से अधिक राशि संग्रहित हुई।