टीआरपी डेस्क। नए साल के जश्न को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 31 दिसंबर की रात शहर में होने वाले कार्यक्रमों और संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ड्रंक एंड ड्राइव, हुड़दंग और अवैध रूप से शराब परोसने के मामलों पर कड़ी निगरानी रखने की रणनीति तैयार की है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नए साल के जश्न के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त कर चालकों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी एंट्री प्वाइंट और दो दर्जन से अधिक प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस की टीमें रातभर सक्रिय रहेंगी और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

न्यू ईयर के अवसर पर होटल, क्लब और फार्म हाउस में आयोजित होने वाली पार्टियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अवैध शराब परोसने, निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ जुटाने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में संबंधित आयोजकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

See also  BJP stalwarts in defence - झारखंड पुलिस, सीएम भूपेश और मरकाम पर फूटा गुस्सा

पुलिस द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि रात 12 बजे के बाद किसी भी आयोजन स्थल पर शराब परोसना प्रतिबंधित रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर आयोजकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सड़क पर हुड़दंग, तेज रफ्तार से वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर विशेष टीमें सख्त कार्रवाई करेंगी। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।