टीआरपी डेस्क। नए साल की पूर्व संध्या पर डिलीवरी वर्कर्स की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बीच फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato, Swiggy तथा क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto ने अपने डिलीवरी पार्टनर्स के लिए इंसेंटिव बढ़ा दिए हैं। कंपनियां पीक ऑवर्स में ज्यादा कमाई का लालच देकर सेवाओं को बाधित होने से बचाने की कोशिश कर रही हैं।
डिलीवरी वर्कर्स यूनियनों ने कम वेतन, कार्य का अत्यधिक दबाव और नौकरी की असुरक्षा जैसे मुद्दों पर 31 दिसंबर को हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 25 दिसंबर को हुई हड़ताल में कई शहरों में डिलीवरी सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिससे ऑर्डर में देरी और कैंसिलेशन की शिकायतें आईं।
Zomato ने डिलीवरी पार्टनर्स को मैसेज भेजकर शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक के ऑर्डर पर 120 से 150 रुपये प्रति ऑर्डर तक की बढ़ी हुई पेमेंट की पेशकश की है। कंपनी का दावा है कि पूरे दिन अच्छे ऑर्डर मिलने पर एक डिलीवरी पार्टनर 3000 रुपये तक कमा सकता है। साथ ही ऑर्डर रिजेक्ट या कैंसिल करने पर पेनल्टी भी अस्थायी रूप से हटा दी गई है।
31 दिसंबर और 1 जनवरी को मिलाकर डिलीवरी पार्टनर्स 10,000 रुपये तक कमा सकते हैं। विशेष रूप से न्यू ईयर ईव पर शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक अलग से इंसेंटिव दिए जा रहे हैं।
Zepto ने भी डिलीवरी स्टाफ के लिए पेमेंट में सुधार किया है, हालांकि कंपनी ने इस पर आधिकारिक बयान नहीं दिया। इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार वहां भी इंसेंटिव बढ़ाए गए हैं।
कंपनियां न्यू ईयर ईव पर ऑर्डर की रिकॉर्ड तोड़ मांग को देखते हुए सेवाएं सुचारू रखना चाहती हैं। दूसरी ओर यूनियनों का कहना है कि ये अस्थायी इंसेंटिव मूल मुद्दों का समाधान नहीं हैं तथा मांगें पूरी होने तक दबाव बनाए रखा जाएगा।



